gmedianews24.com/केरल .22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर में हर्ष-उल्लास का माहौल बना हुआ है। इस बीच सोशल मीडिया पर केरल की CPM नेता PK बीजू को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दो दावे किए जा रहे हैं।
पहला दावा
- CPM नेता PK बीजू ने लोगों से अपील की है कि 22 जनवरी को TV बंद रखें।
दूसरा दावा
- केरल की कम्युनिस्ट सरकार प्रदेश भर में 22 जनवरी को बिजली सुधार की मुहिम चलाएगी, इस कारण पूरे प्रदेश में उस दिन बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी।
इस पोस्ट को एक्स पर कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर ने शेयर किया। सरिका त्यागी नाम की वेरिफाइड यूजर ने लिखा- यह हैं केरल के CPM नेता PK बीजू। इन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि 22 जनवरी को अपना टीवी बंद रखें। दूसरी तरफ केरल की कम्युनिस्ट सरकार ने उसी दिन राज्य में बिजली सुधार की मुहिम चलाकर बिजली बंद रखने की रूप रेखा तय की है। 22 जनवरी को पूरे केरल में बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
वायरल पोस्ट में किए जा रहे दावों की हमने एक-एक कर पड़ताल की। पड़ताल की शुरुआत में हमने CPM नेता PK बीजू के बयान को गूगल पर सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें उनके बयान से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट ऑप इंडिया की वेबसाइट पर मिली।
- वेबसाइट के मुताबिक, 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर के उद्घाटन से पहले, CPM नेता PK बीजू ने राज्य के नागरिकों से टीवी पर भी राम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होने के लिए कहा है।
- उन्होंने नागरिकों से उस दिन TV बंद रखने और बच्चों को कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ना देखने के लिए कहा। PK बीजू ने यह बयान केरल स्कूल टीचर्स एसोसिएशन जिला सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में दिया था।
पड़ताल के अगले चरण में हमने CPM नेता PK बीजू से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने हमारा फोन नहीं उठाया। बयान की पुष्टि के लिए हमने उन्हें मैसेज भी किया है। जवाब आने पर खबर को अपडेट कर दिया जाएगा।
दूसरे दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने केरल स्टेट इलैक्ट्रिसिटी बोर्ड के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर S जयेश से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह दावा पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद है। हम 22 जनवरी को भी बिजली पूरे राज्य में 24 घंटे सप्लाई करेंगे। सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे का केरल स्टेट इलैक्ट्रिसिटी बोर्ड पूरी तरह से खंडन करता है।
साफ है कि सोशल मीडिया पर 22 जनवरी को केरल में बिजली काटने का दावा पूरी तरह गलत है।







