gmedianews24/ दिल्ली/इंफाल.मणिपुर में दूसरी बार हिंसा भड़कने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने राज्य के हालात पर चिंता जताई है। यूनाइटेड नेशंस ह्यूमन राइट्स कमीशन (UNHR) ने शुक्रवार (6 अक्टूबर) को सोशल मीडिया पर लिखा- हम मणिपुर हिंसा पर बोलने वाले मानवाधिकार एक्टिविस्ट बबलू लिथोंगबम को मिल रही धमकियों से चिंतित हैं।
5 अक्टूबर को हिंसक भीड़ ने इंफाल वेस्ट के कैथेलमांगबी में बबलू लिथोंगबम के घर पर हमला किया था। UNHR ने इस घटना के पीछे मैतेई लिपुंस और अरामबाई तेंगोल को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही अधिकारियों से बबलू लिथोंगबम, उनके परिवार और घर को सुरक्षा देने की मांग की।
मानवाधिकार एक्टिविस्ट बबलू लिथोंगबम मैतेई कट्टरपंथी संगठन मैतेई लिपुंस और अरामबाई तेंगोल की आलोचना करते रहे हैं। मैतेई लिपुंस ने 5 अक्टूबर को बबलू लिथोंगबम और बृंदा थौनाओजम का बायकॉट करने का ऐलान किया था।
5 अक्टूबर की शाम को ही बबलू लिथोंगबम के घर पर भीड़ ने तोड़-फोड़ की। हालांकि तब बबलू घर पर नहीं थे। हमले से 5 दिन पहले बबलू ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए अपने घर पर हमले की आशंका जताई थी।






