
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में निर्माणाधीन रतले हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खुफिया जांच में परियोजना से जुड़े 29 मजदूरों के कथित तौर पर संदिग्ध आतंकी संपर्क सामने आने की बात कही गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन मजदूरों के बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियों और संपर्कों का पता चला। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कंपनी प्रबंधन के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।
परियोजना से जुड़ी कंपनी ने कहा है कि इतने बड़े प्रोजेक्ट में अचानक मजदूरों को हटाना व्यावहारिक रूप से कठिन है, क्योंकि इससे कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित मजदूरों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी तत्काल खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। प्रोजेक्ट साइट पर अतिरिक्त निगरानी, पहचान जांच और आवाजाही पर नियंत्रण जैसे कदम उठाए गए हैं।







