
https://gmedianews24.com/बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में अंधविश्वास और जादू-टोना का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिलासपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने जादू-टोना के शक में अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।
इंटरव्यू या जरूरी काम से पहले अपनाएं ये वास्तु-ज्योतिष टिप्स, बढ़ाएं सफलता के मौके
यह घटना जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। आरोपी विष्णु केवट पिछले कुछ समय से किसी तांत्रिक के संपर्क में था। तांत्रिक ने उसे बताया कि उसकी मां जादू-टोना करती है, जिसके कारण उसके जीवन में मुश्किलें आ रही हैं। तांत्रिक की बातों में आकर विष्णु ने अपनी मां को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
बुधवार की देर रात, जब उसकी मां सो रही थी, तब आरोपी ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद, खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर वह सीधे मस्तूरी थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी विष्णु केवट को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और अज्ञानता की भयावह तस्वीर को उजागर किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी लोग ऐसे अमानवीय अपराधों को अंजाम देने के लिए तांत्रिकों और अंधविश्वासों के बहकावे में आ जाते हैं।





