
gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तैयारियों के बीच सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। कर्मचारियों की इस हड़ताल को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हड़ताल करना कर्मचारियों का अधिकार है, लेकिन सरकार ने किसानों की परेशानी को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर ली है।
मंत्री नेताम ने बताया कि राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होनी है। इस दौरान किसी भी तरह की बाधा न आए, इसके लिए सभी कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान संग्रहण केंद्र में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी परिस्थिति में किसानों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निश्चिंत होकर तय तारीख पर धान बेचने केंद्रों तक पहुंचें।





