
gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कुख्यात नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा और बारसे देवा की माताओं का एक मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों माताएं अपने बेटों से हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की भावुक अपील कर रही हैं। वे कह रही हैं— “बेटा, अब लौट आओ… मां घर बुला रही है।”
हिड़मा की मां ने कहा – “अब लौट आओ बेटा, जंगल छोड़ दो”
नक्सली कमांडर हिड़मा की मां माड़वी पुंजी ने भावुक होते हुए कहा कि वह लगातार बेटे को घर आने के लिए कह रही हैं, लेकिन वह नहीं लौट रहा है। उन्होंने कहा, “अब मैं क्या करूं? अगर वह आसपास रहता, तो खुद इस जंगल में ढूंढने चली जाती। बेटा वापस आ जा, यहां मेहनत करोगे, कमाई करोगे और चैन से रहोगे।”
बारसे देवा की मां की गुहार – “घर में अब कोई नहीं, लौट आ जाओ”
वहीं बारसे देवा की मां बारसे सिंगे ने भी अपने बेटे से मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैंने उसे कहा था मत जाओ, लेकिन वह फिर भी चला गया। अब घर में खेती-बाड़ी करने वाला कोई नहीं है। अगर वह घर लौट आए, सरेंडर कर ले और यहीं रहकर मेहनत करे, तो यही बेहतर रहेगा। कई बार कहा, घर आ जाओ बेटा, लेकिन अब मैं कहां खोजूं?”





