
gmedianews24.com/नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (ATC) में आई गंभीर तकनीकी खराबी के मामले में केंद्र सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। शुक्रवार शाम राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) कार्यालय में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में एयरपोर्ट प्रबंधन, सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं इस खराबी के पीछे बाहरी ताकत या साइबर अटैक की साजिश तो नहीं थी। दरअसल, 7 नवंबर को एयरपोर्ट के ऑटोमैटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में गड़बड़ी आने से फ्लाइट संचालन पर बड़ा असर पड़ा था।
इस तकनीकी खराबी के कारण 12 घंटे से ज्यादा समय तक उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। करीब 800 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें देरी से उड़ीं, जबकि 20 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में लगभग 48 घंटे लग गए।
एटीसी के सूत्रों के अनुसार, ऑटोमेशन सिस्टम लागू होने के बाद से इतनी देर तक खराबी रहना पहली बार हुआ है। उनका मानना है कि यह एक समन्वित साइबर अटैक हो सकता है, जो एक टर्मिनल से शुरू होकर पूरे सिस्टम को हैंग कर गया।






