
gmedianews24.com/बलरामपुर (छत्तीसगढ़): जिले के भेलाई खुर्द गांव में क्रशर संचालकों की दबंगई का मामला सामने आया है। पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में क्रशर प्लांट के संचालकों ने दो युवकों के कपड़े उतरवाए और एक युवक को हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मामला बरियो चौकी क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में एक युवक अर्धनग्न अवस्था में पाइप और रस्सी से बंधा नजर आ रहा है, जबकि कुछ लोग उसे जूते और लातों से मारते हुए दिख रहे हैं। बताया गया है कि पीड़ित युवक क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर है।
कमरे में बंद कर की पिटाई
जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक लोगों ने दोनों युवकों को घेर लिया था। उनसे पेट्रोल-डीजल चोरी के शक में पूछताछ की गई और कमरे में बंद कर मारपीट की गई। एक अन्य युवक के भी कपड़े उतरवाकर अर्धनग्न अवस्था में पूछताछ की गई।
पीड़ित शिकायत करने से डरा
बरियो चौकी प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिस युवक की पिटाई की गई, उसकी पहचान कर ली गई है। वह बघिमा गांव का रहने वाला विनोद सारथी है। पुलिस ने फोन पर उससे संपर्क किया, लेकिन मारपीट करने वालों के डर से वह शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहा है। फिलहाल युवक को पुलिस चौकी में बुलाया गया है और मामले की जांच जारी है।





