
gmedianews24.com/कोरबा, 6 नवंबर 2025। कोरबा जिले की लगभग 40 हजार महिलाओं से अरबों रुपए की कथित ठगी करने वाली फ्लोरामैक्स कंपनी पर अब कार्रवाई की आंच तेज हो गई है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने मामले में राज्य सरकार को उच्च स्तरीय जांच के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने कहा है कि अब इस घोटाले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी।
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने ग्रामीण महिलाओं को लालच देकर 30-30 हजार रुपए का लोन निकलवाया और उनसे लगभग 120 करोड़ रुपए निवेश कराए। आयोग ने मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन से 30 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग ने कहा कि यह मामला गंभीर वित्तीय अनियमितता और आदिवासी महिलाओं के आर्थिक शोषण से जुड़ा है। इसलिए इसमें SC-ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए।
13 आरोपी गिरफ्तार, 10 को मिली जमानत
बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील कुमार जैन ने आयोग को बताया कि अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें से 10 को जमानत मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की संपत्तियों की तलाश की जा रही है ताकि पीड़ित महिलाओं को मुआवजा दिलाया जा सके।





