
gmedianews24.com/नई दिल्ली, 4 नवंबर 2025 . कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर ने भारत की वंशवादी राजनीति (Dynastic Politics) पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भारत में आज की राजनीति “फैमिली बिजनेस” बन चुकी है, जहां लोकतंत्र की भावना को परिवारवाद ने कमजोर कर दिया है।
थरूर ने यह विचार अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन “प्रोजेक्ट सिंडिकेट” में प्रकाशित अपने लेख ‘Indian Politics Are a Family Business’ में व्यक्त किए हैं। उन्होंने लिखा कि जब तक भारतीय राजनीति कुछ चुनिंदा परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती रहेगी, तब तक लोकतांत्रिक शासन का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा।
योग्यता आधारित व्यवस्था की वकालत
थरूर ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारत को वंशवाद छोड़कर योग्यता आधारित राजनीति (Merit-Based Politics) की ओर बढ़ना चाहिए। इसके लिए उन्होंने कुछ मूलभूत सुधारों का सुझाव दिया —
-
राजनीतिक दलों में आंतरिक लोकतंत्र और नियमित चुनाव
-
नेताओं के लिए कानूनी रूप से तय कार्यकाल
-
मतदाताओं में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाना
उन्होंने लिखा कि इन सुधारों से राजनीति में पारदर्शिता आएगी और नए योग्य नेताओं को अवसर मिल सकेगा।
नेहरू-गांधी परिवार का उल्लेख
थरूर ने अपने लेख में नेहरू-गांधी परिवार को भारत का सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार बताया। उन्होंने कहा कि इस परिवार की विरासत स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी है, लेकिन इसके कारण लोगों के बीच यह धारणा भी बनी कि राजनीति कुछ खास परिवारों का जन्मसिद्ध अधिकार है।





