
gmedianews24.com/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इमर्जिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी इनोवेशन कॉन्क्लेव (ESTIC) 2025 का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने देश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) को प्रोत्साहन देने के लिए 1 लाख करोड़ रुपए के ‘रिसर्च, डेवलपमेंट एंड इनोवेशन (RDI) फंड’ की शुरुआत की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि “भारत आज विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए युग की शुरुआत कर रहा है। जब विज्ञान का पैमाना मिलता है, नवाचार समावेशी होता है और प्रौद्योगिकी परिवर्तन को प्रेरित करती है, तब बड़ी उपलब्धियों की नींव रखी जाती है।”
उन्होंने कहा कि भारत अब केवल टेक्नोलॉजी का उपभोक्ता नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी के जरिए ट्रांसफॉर्मेशन का पायोनियर बन चुका है। देश में अब ऐसा इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है जिससे रिसर्च और इनोवेशन आसान हो सके।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि “आज भारत के पास दुनिया का सबसे सफल डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है। हम ‘एथिकल और ह्यूमन सेंट्रिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के लिए ग्लोबल फ्रेमवर्क तैयार कर रहे हैं, जिससे टेक्नोलॉजी इंसानियत के हित में काम करे।”
ESTIC 2025 कॉन्क्लेव की झलकियाँ:
यह कॉन्क्लेव 5 नवंबर तक चलेगा, जिसमें 3,000 से अधिक प्रतिभागी, नोबेल पुरस्कार विजेता, प्रख्यात वैज्ञानिक, इनोवेटर्स और पॉलिसी मेकर्स शामिल हो रहे हैं। इस मंच का उद्देश्य विज्ञान, शिक्षा और उद्योग के बीच साझेदारी को मजबूत करना है ताकि भारत को इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी बनाया जा सके।





