
gmedianews24.com/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 25 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 1 नवंबर (शनिवार) की है। बताया जा रहा है कि मृतक शिवलाल, रवानाडांड गांव का निवासी था। वह रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोया था, लेकिन अगली सुबह देर तक बाहर नहीं निकला।
सुबह कमरे में अचेत मिला शिवलाल
सुबह जब शिवलाल कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने जब कमरे का दरवाजा खोला तो शिवलाल अचेत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा मिला। परिजनों ने तुरंत उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह मामला करतला थाना क्षेत्र का है।
रोजी-मजदूरी करता था मृतक
मृतक के बड़े भाई सुंदरलाल ने बताया कि शिवलाल रोज मजदूरी का काम करता था। शनिवार शाम वह मजदूरी कर घर लौटा और भैंसमा बाजार घूमने गया था। लौटकर उसने खाना खाया और सोने चला गया था।
सुबह जब आवाज देने पर भी उसने प्रतिक्रिया नहीं दी, तब परिवारवालों ने जाकर देखा और उसे बेहोश पाया।
परिजनों ने जताई अनभिज्ञता
परिजनों ने बताया कि शिवलाल को कोई बीमारी या परेशानी नहीं थी। वह तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और घर के आर्थिक सहारे के रूप में जिम्मेदारी निभा रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।







