
gmedianews24.com/पंजाब। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात को पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने अखबार लेकर जा रही गाड़ियों को अलग-अलग इलाकों में रोककर उनकी गहन जांच की। यह चेकिंग रात करीब 10 बजे से शुरू होकर सुबह तक चलती रही, जिससे कई शहरों और गांवों में लोगों को सुबह अखबार समय पर नहीं मिल पाए।
ड्रग्स और हथियार सप्लाई का शक
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद ही राज्यभर में यह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई जगहों पर डॉग स्क्वायड की मदद ली गई और कुछ गाड़ियों को थाने के अंदर ले जाकर जांच की गई।
हालांकि, अब तक पंजाब पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने इस पूरे अभियान पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
अखबार वितरण पर पड़ा असर
इस जांच का असर लगभग सभी प्रमुख अखबारों की सप्लाई पर पड़ा। लुधियाना, अमृतसर, मोगा, फरीदकोट, कोटकपूरा, पठानकोट, फाजिल्का, अबोहर और बरनाला जैसे शहरों में लोगों को सुबह अखबार नहीं मिल पाए।
अखबार डिस्ट्रीब्यूटर और हॉकरों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना के इस तरह की कार्रवाई से अखबार वितरण प्रभावित हुआ है।
दो अखबारों की गाड़ियों पर ज्यादा नजर
गाड़ियां चला रहे ड्राइवरों के अनुसार, पुलिस खासतौर पर दो प्रमुख अखबारों की गाड़ियों की जांच कर रही थी। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि किसी वाहन से कुछ बरामद हुआ या नहीं।







