भिलाई में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज हत्या मामला: गर्लफ्रेंड के भाइयों ने युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

gmedianews24.com/भिलाई (दुर्ग)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी कोई और नहीं बल्कि लड़की के अपने भाई और परिजन निकले। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हुई यह दर्दनाक वारदात गुरुवार सुबह सामने आई, जब लड़की के भाइयों ने युवक को पकड़कर बुरी तरह पीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार (30 अक्टूबर) की सुबह करीब 8 बजे लड़की घर पर अकेली थी। इसी दौरान युवक उससे मिलने घर पहुंच गया। घटना की जानकारी जैसे ही लड़की के भाइयों को मिली, वे मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पांचों ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि हत्या के इस मामले में पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि लड़की ने ही उनके बेटे को मिलने के लिए बुलाया था और उसी के घर पर उसकी हत्या की गई। युवक के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
खुर्सीपार थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।





