
gmedianews24.com/नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नए आधिकारिक लोगो के अनावरण से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर एक महत्वपूर्ण सुझाव दिया है। गोयल ने आग्रह किया है कि सरकार अपने नए लोगो और सभी भविष्य के सरकारी दस्तावेजों में अंग्रेज़ी में लिखे जाने वाले नाम ‘Delhi’ की वर्तनी को बदलकर ‘Dilli’ कर दे।
गोयल ने कहा कि यह बदलाव शहर की वास्तविक सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करेगा। उन्होंने कहा, “सदियों से कवि, लेखक और आम नागरिक इस शहर को प्यार से दिल्ली कहते आए हैं। यह नाम हमारी भावना, परंपरा और असली पहचान का प्रतीक है। ‘Delhi’ शब्द ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन की देन है, जो न तो हिंदी उच्चारण से मेल खाता है और न ही हमारी संस्कृति को दर्शाता है।”
उन्होंने 2019 में राज्यसभा में रखे गए अपने प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा कि अब यह बदलाव करने का उपयुक्त समय है। गोयल ने अन्य शहरों के उदाहरण देते हुए कहा, “बॉम्बे से मुंबई, कलकत्ता से कोलकाता और मद्रास से चेन्नई में बदले गए नाम आज गर्व का विषय हैं। उसी तरह Delhi को Dilli में बदलना भी एक स्वाभाविक और उचित कदम होगा।”





