
gmedianews24.com//जगदलपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सरहद पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 73 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹7 लाख 30 हजार बताई जा रही है। यह गांजा ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगरनार क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा की तस्करी की जा रही है। इस पर पुलिस ने सुबह से ही वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मुराद साह (30 वर्ष) निवासी मध्यप्रदेश बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया है। नगरनार थाना प्रभारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।





