
gmedianews24.com/कोरबा: छत्तीसगढ़ के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 52 वर्षीय नरेंद्र कंवर की मौत हो गई। हादसा कटकीडबरी गांव के पास हुआ। मृतक घर से नाले में नहाने के लिए निकले थे।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र कंवर नहाने के लिए घर से नाले की ओर जा रहे थे, तभी एक बाइक सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और परिजन भी मौके पर पहुंचे। घायल को पहले हरदीबाजार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नरेंद्र कंवर के बड़े बेटे सावन कुमार कंवर ने बताया कि उनके पिता की मौत सिर में लगी गंभीर चोट के कारण हुई। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और जांच के लिए हरदीबाजार थाने को डायरी भेजी जाएगी।





