
gmedianews24.com/वॉशिंगटन। लैटिन अमेरिका में भू-राजनीतिक तनाव तेजी से बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर करोड़ों डॉलर का इनाम घोषित करते हुए उनकी सरकार को गिराने की कोशिश तेज कर दी है। इसी बीच अमेरिका ने कैरेबियन सागर में अपना सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर ‘यूएसएस जेराल्ड फोर्ड’ भेजा है, जिसमें 5,000 सैनिक और 75 फाइटर जेट तैनात किए गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के आठ युद्धपोत पहले से ही इस क्षेत्र में तैनात हैं, जिनमें करीब 6,000 नाविक और मरीन शामिल हैं। अब ‘यूएसएस जेराल्ड फोर्ड’ और उसके स्ट्राइक ग्रुप को भी क्षेत्र में भेजा जा रहा है, जिसमें 5 विध्वंसक युद्धपोत और 4,500 अतिरिक्त सैनिक होंगे। यह कैरियर फिलहाल भूमध्य सागर में मौजूद है।
विश्लेषकों का कहना है कि यह तैनाती न सिर्फ वेनेजुएला बल्कि पूरे लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में तनाव को और भड़का सकती है। यह कदम ट्रंप प्रशासन की कैरेबियन क्षेत्र में सैन्य उपस्थिति बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें 8 अतिरिक्त युद्धपोत, 1 परमाणु पनडुब्बी और एफ-35 लड़ाकू विमान शामिल हैं।
ट्रंप प्रशासन लंबे समय से वेनेजुएला सरकार पर मादक पदार्थों की तस्करी को संरक्षण देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगाता रहा है।





