
gmedianews24.com/रायपुर। दिवाली के बाद अब छठ पूजा के चलते हवाई किरायों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। रायपुर से विभिन्न शहरों के लिए लौटने वाले यात्रियों को अब पहले से कहीं अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। छुट्टियां खत्म होने और यात्रियों की संख्या बढ़ने की वजह से ज्यादातर फ्लाइट्स का फेयर 10 से 17 हजार रुपए तक पहुंच गया है।
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, इंदौर और हैदराबाद जैसी प्रमुख शहरों की फ्लाइट का किराया आसमान छू रहा है। ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक जिन रूटों पर एक या दो ही फ्लाइटें हैं, वहां का न्यूनतम किराया भी 15 हजार से ऊपर चला गया है।
दिवाली से पहले रायपुर आने वाली फ्लाइट्स का किराया महंगा था, जबकि अब वापसी के टिकट महंगे हो गए हैं। इसका कारण यह है कि बड़ी संख्या में लोग अब अपने कार्यस्थलों या घरों की ओर लौट रहे हैं। वहीं, उत्तर भारत में छठ पूजा की तैयारियों के कारण प्रयागराज और लखनऊ जैसे शहरों की फ्लाइट्स की डिमांड बढ़ गई है।
ऐसा है मौजूदा किराया
ट्रैवल कारोबारियों के अनुसार रायपुर से दिल्ली के लिए हवाई किराया 11 से 17 हजार रुपये, बेंगलुरु के लिए करीब 16 हजार, पुणे के लिए 15 हजार, हैदराबाद के लिए 14 से 17 हजार, इंदौर के लिए 12 से 14 हजार और कोलकाता के लिए लगभग 10 हजार रुपये तक पहुंच गया है। प्रयागराज और लखनऊ के किराए भी क्रमशः 12 और 10 हजार रुपये तक पहुंच चुके हैं।





