
gmedianews24.com/रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ जारी पुलिस अभियान के दौरान गंभीर लापरवाही और हादसे की घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस की टीम रोजाना की तरह चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बलेनो कार (क्रमांक CG 04 ML 8357) चेकिंग पॉइंट को तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भाग गई।
कार में सवार सिद्धांत दान और आदित्य चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहन लापरवाहीपूर्वक दौड़ाया। जैसे ही पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, चालक ने गति और बढ़ा दी। इसी दौरान बेकाबू कार ने यातायात आरक्षक हेम कुमार पटेल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह टूट गई है और उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है, लेकिन इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से इस प्रकार का हादसा हो गया।







