
gmedianews24.com/सुकमा। जिले के कोंटा ब्लॉक के भेजी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दंतेशपुरम में सड़क सुविधा का अभाव ग्रामीणों के लिए गंभीर संकट बन गया है। मंगलवार को सात माह की गर्भवती महिला माड़वी सोमडी को अचानक प्रसव पीड़ा हुई।
सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को महिला को खटिया पर बैठाकर लगभग 10 किलोमीटर पैदल पहाड़ी रास्तों से एलाड़मड़गु तक ले जाना पड़ा। वहां से महिला को बाइक एम्बुलेंस के माध्यम से कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
बीएमओ डॉ. दीपेश चंद्राकर ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने ग्रामीणों की तत्परता की सराहना की, साथ ही क्षेत्र में सड़क सुविधा की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस घटना ने क्षेत्र में बुनियादी सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है और प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग उठ रही है।





