[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: सीपीआई ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची, 6 सीटों पर उतारे प्रत्याशी

gmedianews24.com/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग पर अभी तक अंतिम फैसला नहीं हो सका है, लेकिन इसी बीच भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है।

जारी पत्र के अनुसार सीपीआई ने तेघड़ा से रामरतन सिंह, बखरी (सु.) से सूर्यकान्त पासवान, बछवाड़ा से अवधेश कुमार राय, बांका से संजय कुमार, हरलाखी से राकेश कुमार पांडेय और झंझारपुर से राम नारायण यादव को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। इन सभी प्रत्याशियों को पार्टी का चुनाव चिन्ह देने का निर्णय लिया गया है।

सीपीआई ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि दूसरी सूची में गोह, करगहर, बेलदौर, बिहारशरीफ, राजापाकर (सु.), केसरिया, चनपटिया और विक्रम सीट पर इंडिया गठबंधन की सहमति मिलने के बाद प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।

6 से ज्यादा सीटों पर उतार सकती है प्रत्याशी

पिछले विधानसभा चुनाव में सीपीआई ने 6 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और 2 पर जीत हासिल की थी। इस बार पार्टी की पहली सूची में 6 उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि 8 और सीटों का नाम प्रस्तावित किया गया है। माना जा रहा है कि गठबंधन में सहमति बनी तो पार्टी इस बार 6 से ज्यादा सीटों पर दांव खेलेगी।

महागठबंधन में बढ़ा दबाव

विशेषज्ञों का कहना है कि सीपीआई की यह घोषणा महागठबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति भी हो सकती है, क्योंकि अब तक इंडिया गठबंधन ने सीट शेयरिंग पर आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। जबकि 2020 के चुनाव में वाम दलों में सबसे बेहतर प्रदर्शन सीपीआई-एमएल ने किया था, जिसे 19 सीटों में से 12 पर जीत मिली थी।

Related Articles

Back to top button