gmedianews24.com/कोरबा शहर में पेट्रोल टंकी मुड़पार तिराहा से बाईपास रोड स्थित रेलवे कॉलोनी फर्नीचर दुकान तक सड़क चौड़ीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य शुरू हो गया है। यह प्रोजेक्ट पूर्व कार्यकाल में स्वीकृत था, लेकिन बजट की कमी के कारण रुका हुआ था।
लगभग 1.25 करोड़ रुपए की लागत से चल रहे इस कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों और पूर्व पार्षद टीकराम राठौर ने चिंता जताई है। आरोप है कि लाल पेवर ब्लॉक की जगह सफेद ब्लॉक लगाए जा रहे हैं और समतलीकरण का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है।
टीकराम राठौर ने कहा कि उन्हें कार्य शुरू होने की जानकारी नहीं दी गई थी और जल्दबाजी में काम किए जाने से तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुधार की मांग करने का आश्वासन दिया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से कार्य की गहन जांच कराने और गुणवत्ता से समझौता न करने की अपील की है।





