
gmedianews24.comबिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने अजय चंद्राकर को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि मौका मिले तो वह एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनने को तैयार हैं। सिंहदेव ने कहा कि अभी उन्हें सीएम नहीं बनाया गया है, पर अजय चंद्राकर के घर जाकर शपथ ग्रहण करने की तैयारी है।
सिंहदेव ने आगे कहा कि उन्होंने अजय चंद्राकर के साथ करीब डेढ़ दशक तक काम किया है और उन्हें सुलझा हुआ राजनेता पाया है। उन्होंने इस बयान को मजाकिया अंदाज में दिया, लेकिन साफ किया कि अगर मौका मिला तो वह CM बनने के लिए तैयार हैं।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने टिप्पणी की कि टीएस बाबा केवल फिल्मों में नायक की तरह मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अगले 25-50 साल तक कांग्रेस की सत्ता की संभावना कम है, ऐसे में केवल फिल्मों में ही एक दिन के लिए CM बनने का सपना सच हो सकता है, जैसे फिल्म ‘नायक’ में अनिल कपूर एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बने थे।
सिंहदेव ने अजय चंद्राकर के बयान पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चंद्राकर गवर्नर और मुख्यमंत्री से बातचीत कर चुके होंगे, ताकि इस्तीफा और मंजूरी की प्रक्रिया तय हो सके।
दरअसल, बिलासपुर में सिंहदेव ने यह भी कहा था कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कभी यह नहीं कहेंगे कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने की इच्छा नहीं है। अजय चंद्राकर ने भी कहा था कि सिंहदेव को सम्मान देने के लिए उन्हें CM बनाया जाएगा, क्योंकि कांग्रेस में उनके लिए कुछ नहीं है।





