[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

रांची में तेज डीजे आवाज से मासूम की मौत, पिता ने थाने पहुंच कर दर्ज कराई शिकायत

gmedianews24.com/रांची। झारखंड की राजधानी रांची के चान्हो थाना क्षेत्र के पाटुक बाजोटोली गांव में त्योहार के दौरान डीजे की तेज आवाज से दो महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। यह घटना विश्वकर्मा पूजा के मौके पर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।

मृतक मासूम की पहचान सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई। पिता बंधन लोहरा ने बताया कि उनके घर के पास डीजे पर लगातार तेज आवाज में गाने बजाए जा रहे थे। परिवार ने बार-बार आवाज कम करने की अपील की, लेकिन आयोजकों ने कोई ध्यान नहीं दिया। लगातार तेज शोर के कारण बच्ची की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।

गुस्साए पिता बंधन लोहरा ने सीधे चान्हो थाना में शिकायत दर्ज कराई। इस घटना ने राजधानी रांची में व्यापक चर्चा छेड़ दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि त्योहारों की आड़ में डीजे की कानफोड़ू आवाज से कब तक लोगों की जान और शांति प्रभावित होती रहेगी।

पहले भी हो चुकी हैं जानलेवा घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब झारखंड में डीजे विवाद जानलेवा साबित हुआ हो। अप्रैल 2025 में खूंटी जिले के डडगमा गांव में सरहुल पर्व के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद हुआ था। डीजे की आवाज का विरोध करने पर 60 वर्षीय पूर्व मुखिया रोड़ा भृंगराज की पिटाई कर उनकी हत्या कर दी गई थी। उस समय दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार और आयोजन में डीजे का प्रयोग मनोरंजन के लिए जरूरी हो सकता है, लेकिन इसे नियंत्रित रखना अनिवार्य है। प्रशासन समय-समय पर डीजे पर पाबंदी लगाता है, लेकिन अक्सर नियमों की अनदेखी होती है।

Related Articles

Back to top button