नहर में गिरी जेसीबी: चालक और साथी युवक बहने की आशंका, रेस्क्यू जारी

.gmedianews24.com/कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। नहर किनारे काम कर रही एक जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर पानी के तेज बहाव में गिर गई। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने पहले वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन रिवर्स लेने के दौरान जेसीबी पलटकर नहर में जा गिरी। इसके बाद चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक के पानी के तेज बहाव में बह जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नगर सेना की रेस्क्यू टीम को बुलाकर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी गई। अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त जेसीबी वाहन भलपहरी निवासी लक्ष्मी कुमार का है। पुलिस फिलहाल वाहन मालिक और चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं, नहर में गिरे वाहन को बाहर निकालने का प्रयास लगातार जारी है और रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।





