
.gmedianews24.com/रायपुर। भारतमाला परियोजना के तहत अभनपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कोलकाता निवासी सांवरमल अग्रवाल ने आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) को शिकायत दर्ज कर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि ग्राम पचेड़ा स्थित उनकी निजी भूमि का मुआवजा फर्जी दस्तावेजों और कूटरचित बेनामों के आधार पर दिलाया गया। आपत्ति दर्ज कराने और आपत्ति स्वीकार होने के बावजूद 1.20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि विक्रम गंभीर नामक व्यक्ति को भुगतान कर दी गई।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भूमि के नामांतरण से लेकर फर्जी विक्रयपत्र और दानपत्र तक पूरे प्रकरण में भारी स्तर पर मिलीभगत रही, जो स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व अमले की शह पर संभव हुआ।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भारतमाला परियोजना से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में अभनपुर के एक एसडीएम जेल जा चुके हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने करीब 32 वर्ष पूर्व अपनी भूमि चित्रोत्पला शिक्षण समिति को दान में दी थी, जिस पर वर्तमान में सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय, गोबरा नवापारा स्थित है।





