
.gmedianews24.com/रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती परीक्षा घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें डिप्टी कलेक्टर बने सुमित ध्रुव भी शामिल हैं, जो सीजीपीएससी के पूर्व सचिव का पुत्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, CBI टीम ने आरती वासनिक, सुमित ध्रुव और तीन अन्य आरोपितों से लंबी पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। पांचों को शुक्रवार को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की तैयारी है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में भी सीबीआई ने आरती वासनिक से पूछताछ की थी। इस मामले में सीबीआई ने जुलाई 2024 में जांच शुरू की थी, जब 2020-2022 की परीक्षा में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ पदों पर चयन में भारी गड़बड़ी और पक्षपात के आरोप लगे थे।
अब तक आधा दर्जन से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ताजा कार्रवाई से इस घोटाले की जांच में और कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।





