gmedianews24.com/कोरबा। जिले से सीएसईबी कर्मी और राखड़ ठेकेदारों के गुर्गों की दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरीपानी गांव निवासी आदिवासी युवक इंद्रपाल सिंह कंवर का अपहरण कर उसे बर्बर तरीके से पीटा गया और अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया। हमलावरों ने धमकी दी कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो ट्रक से कुचलकर उसकी हत्या कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, इंद्रपाल गांव में ही सिविल ठेकेदार का काम करता है और घटना के समय वह प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक मकान की नापी कर रहा था। तभी सीएसईबी कर्मी नंदू पटेल, राखड़ ठेकेदार हेमस कॉर्पोरेशन के सुपरवाइजर और अन्य साथियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि पीड़ित को मारपीट करते हुए जबरन एक स्कॉर्पियो में डालकर ले जाया गया।
पीड़ित इंद्रपाल का कहना है कि रास्तेभर उसका चेहरा ढक दिया गया और लगातार पिटाई की जाती रही। इसके बाद उसे शारदा विहार स्थित एक दफ्तर में ले जाकर फिर से बेरहमी से पीटा गया। बाद में ढेलवाडीह मार्ग पर फेंककर जान से मारने की धमकी दी गई।





