
gmedianews24.com/नई दिल्ली। देशभर में मौसम का असर लगातार देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते वैष्णो देवी यात्रा को फिर से रोक दिया गया है। 19 दिन स्थगित रहने के बाद यात्रा रविवार से शुरू होने वाली थी, लेकिन तेज बारिश के कारण इसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया। गौरतलब है कि 26 अगस्त को मंदिर ट्रैक पर हुए भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी।
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बलिया जिले के चक्की नौरंगा गांव में 5 मकान और 5 दुकानें नदी में समा गईं। इस मानसून सीजन में राज्य में अब तक 654.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो औसत 679.3 मिमी से 4% कम है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश-बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र के सपड़ी रोह गांव में शनिवार को भूस्खलन हुआ, जिससे कई घरों तक मलबा पहुंच गया। एहतियातन 8 घरों को खाली कराया गया है। राज्य में अब तक बारिश-बाढ़ से 386 लोगों की मौत हो चुकी है। 12 सितंबर तक यहां सामान्य से 133% ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। इस अवधि में जहां औसतन 64.6 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 150.4 मिमी बारिश हुई है।
उधर, राजस्थान के पश्चिमी हिस्से से रविवार से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। हालांकि, मध्यप्रदेश को मानसून से निजात पाने में अभी दो हफ्ते और लग सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मालवा-निमाड़ इलाके में 16 से 22 सितंबर के बीच एक और बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।







