
gmedianews24.com//रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में सिपाही, ड्राइवर और ट्रेडमैन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आज आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक चलेगी। इसके लिए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर सहित कई जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अकेले रायपुर में ही 28 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां करीब 10,700 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि आरक्षक संवर्ग के कुल 5,967 पदों पर भर्ती के लिए अक्टूबर 2023 में वैकेंसी निकाली गई थी। इसके लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल टेस्ट) पहले ही संपन्न हो चुकी है, जिसके आधार पर पात्र अभ्यर्थियों को इस लिखित परीक्षा में शामिल किया गया है।
यह परीक्षा व्यापमं के माध्यम से आयोजित की जा रही है और 100 अंकों की होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं है। सिलेबस के अनुसार सामान्य ज्ञान (राष्ट्रीय) से 20 प्रश्न तथा सामान्य ज्ञान (छत्तीसगढ़) से 30 प्रश्न पूछे जाएंगे।
व्यापमं के निर्देशों के मुताबिक परीक्षा केंद्र का गेट सुबह 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इस भर्ती परीक्षा में प्रदेश के छह पुलिस रेंज के 33 जिलों के अलावा रेलवे पुलिस, पुलिस प्रशिक्षण अकादमी चंदखुरी, पीटीएस माना, राजनांदगांव, मैनपाट और एमटी पुल पुलिस मुख्यालय के लिए भी भर्ती की जाएगी।







