gmedianews24.com/कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 सितंबर 2025 को कोरबा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रातः 11 बजे कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में राज्य शासन के मंत्रीगण एवं प्राधिकरण के सदस्य शामिल होंगे। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के गरिमामय आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत कोरबा, गोरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बालोद, खैरागढ़-छुईखदान-गडई, कबीरधाम (कवर्धा), बिलासपुर, रायगढ़ एवं सक्ती जिला शामिल हैं। प्राधिकरण में 51 सदस्य और 24 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं, जो समीक्षा बैठक में कार्यों पर चर्चा करेंगे तथा अपने सुझाव और शिकायत रखेंगे।
बैठक की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा
बैठक की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अजीत वसंत ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के साथ ही वीवीआईपी एवं अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए जाने वाले विभागीय स्टॉलों के माध्यम से मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले हितग्राहियों की जानकारी तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही बेरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा।
इस दौरान कलेक्टर वसंत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रवेश व्यवस्था, बैठक कक्ष, पार्किंग, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम कोरबा आशुतोष पांडेय, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





