
gmedianews24.com/जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के गोधना गांव में शनिवार रात तनाव की स्थिति बन गई। प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण किए जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दो लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद मामला गरमा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण नवागढ़ थाना पहुंच गए।
ग्रामीणों ने हिरासत में लिए गए दोनों लोगों को तुरंत छोड़ने की मांग की और थाने के बाहर देर रात तक डटे रहे। इस दौरान हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर मौजूद रहे और पुलिस की मौजूदगी में हंगामा होता रहा।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही थी। तभी गोधना गांव से सैकड़ों की संख्या में लोग थाना परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है।
करीब कई घंटों तक थाना परिसर में माहौल तनावपूर्ण बना रहा। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई को लेकर मंथन कर रही है।







