
gmedianews24.com/बलरामपुर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ डीजे की तेज आवाज में नाचते समय 15 वर्षीय किशोर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि डीजे की तेज आवाज से उसे हार्ट अटैक आया।
जानकारी के अनुसार, राजपुर के महुआ-पारा निवासी प्रवीण गुप्ता (15) शनिवार को गणेश पूजा और विसर्जन में शामिल हुआ था। शाम को डीजे की धुन पर नाचते समय अचानक उसे बेचैनी हुई और वह जमीन पर गिर पड़ा। सांस लेने में तकलीफ होने पर दोस्तों ने सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ती गई।
प्रवीण को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया, लेकिन वहाँ डॉक्टर मौजूद नहीं थे। करीब 20 मिनट बाद डॉक्टर पहुंचे और जांच के बाद प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर की अनुपस्थिति और हॉस्पिटल स्टाफ की बदतमीजी से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर एसडीएम देवेंद्र प्रधान और थानेदार भारद्वाज सिंह मौके पर पहुँचे और लोगों को शांत कराया।
आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।






