
gmedianews24.com/नोएडा/मुंबई। अनंत चतुर्दशी के दिन मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाले शख्स को मुंबई पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार सुप्रा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था। अश्विनी खुद को ज्योतिषी बताता था। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाने का दावा
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरे संदेश मिले। संदेश में दावा किया गया था कि मुंबई में 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाए गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल हुआ है। धमकी में यह भी कहा गया कि इन धमाकों से पूरा मुंबई हिल जाएगा और करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आ जाएंगे।
आरोपी ने खुद को पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य बताते हुए दावा किया कि 14 आतंकी मुंबई में घुस चुके हैं। संदेश में मुंबई पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था।






