
gmedianews24.com/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। करतला ब्लॉक के परसाभांठा प्राथमिक स्कूल में पदस्थ हेडमास्टर चंद्रपाल पैकरा गुरुवार को शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। कुर्सी पर बैठते ही वे गहरी नींद में सो गए।
ग्रामीणों ने जब स्कूल में पहुंचकर हेडमास्टर की हालत देखी, तो उनका वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो गया है। वीडियो में हेडमास्टर की जानकारी और जवाब सुनकर लोग हैरान रह गए।
नशे की हालत में जब ग्रामीणों ने उनसे सवाल पूछे, तो वे जिले के कलेक्टर का नाम तक नहीं बता पाए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के बारे में पूछने पर उन्होंने रमन सिंह का नाम ले लिया, जबकि वर्तमान में यह पद विष्णुदेव साय के पास है।
इसी दौरान प्रधानमंत्री का पूरा नाम पूछे जाने पर उन्होंने सिर्फ “मोदी” कहा और ग्रामीणों से बोला – “मेरे को परेशान मत करो।” वहीं, ब्यूटीफुल (Beautiful) का स्पेलिंग पूछने पर भी वे जवाब नहीं दे पाए।
ग्रामीणों का कहना है कि हेडमास्टर अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। मामले का वीडियो सामने आने के बाद अब शिक्षा विभाग पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।







