
gmedianews24.com/बीजापुर। जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक अंतर्गत ग्राम वंगापल्ली में अफवाह ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम दम्पया के दो युवकों को बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दम्पया निवासी विकास कावटी और संतोष कावटी देर शाम एक बकरा को मोटरसाइकिल से लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान वंगापल्ली के पास बकरा अचानक बाइक से उतरकर भाग गया। दोनों युवक उसे पकड़ने के लिए दौड़े, जिसे देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
अफवाह के चलते ग्रामीणों ने बिना पुष्टि किए दोनों युवकों को बच्चा चोर समझ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मद्देड़ ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। विकास कावटी की हालत नाजुक होने पर उसे रायपुर हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि संतोष कावटी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।







