
gmedianews24.com/मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र में फर्जी बाबाओं के खिलाफ लगातार खुलासे हो रहे हैं। अशोक खरात उर्फ भोंदू बाबा का मामला सामने आने के बाद अब एक और स्वयंभू धर्मगुरु ऋषिकेश वैद्य पर गंभीर आरोप लगे हैं। उस पर एक महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप है। मामला सामने आते ही आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
फेसबुक से हुई पहचान, धार्मिक आस्था का उठाया फायदा
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पुणे की निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए वसई निवासी ऋषिकेश वैद्य से हुई थी। आरोपी ने खुद को ‘आमची वसई संस्था’ का प्रमुख और धर्मगुरु बताकर महिला को अपने झांसे में लिया और उसे अध्यात्म सिखाने के नाम पर करीब लाया।
नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, दिसंबर 2023 में आरोपी पुणे पहुंचा और महिला को बहकाते हुए खुद को महादेव का अवतार बताया। इसके बाद वह उसे मांजरी इलाके के एक लॉज में ले गया, जहां कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं।
तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग
महिला का आरोप है कि आरोपी ने इन तस्वीरों के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया और बार-बार मिलने के लिए मजबूर करता रहा। मई 2025 में वसई के एक होटल में बुलाकर फिर से गलत हरकत करने की कोशिश की गई।
हिम्मत जुटाकर दर्ज कराई शिकायत
नासिक में सामने आए दूसरे भोंदू बाबा के मामले के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरी घटना अपने पति को बताई। इसके बाद 25 फरवरी को वसई के माणिकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।







