
gmedianews24.com/नई दिल्ली। बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती करने का फैसला लिया है। इस फैसले से ईंधन की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी पर रोक लग गई है।
एक्साइज ड्यूटी में बड़ा बदलाव
सरकार के इस फैसले के बाद पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटकर अब 3 रुपए रह गई है, जबकि डीजल पर 10 रुपए की एक्साइज ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल बना कारण
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया है। इजराइल-ईरान तनाव से पहले जहां कच्चा तेल करीब 73 डॉलर प्रति बैरल था, वहीं अब इसकी कीमत 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इससे तेल कंपनियों पर घाटे का दबाव बढ़ गया था।
कीमतें बढ़ने से रोकने के लिए कदम
तेल कंपनियां इस बढ़ती लागत को देखते हुए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा सकती थीं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ता। ऐसे में सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर कीमतों को स्थिर रखने का फैसला लिया है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।







