
gmedianews24.com/ रायपुर। राजधानी रायपुर में स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसथान स्थित अन्नपूर्णा कॉम्प्लेक्स में छापेमारी की है। यह कार्रवाई लक्ष्मी कमर्शियल और एसआरएस ट्रेडर्स नामक फर्मों पर की गई, जहां कर चोरी और बोगस बिलिंग की शिकायतें सामने आई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 10 अधिकारियों की टीम इस कार्रवाई में शामिल है और दोनों फर्मों के चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच की जा रही है। जीएसटी टीम सुबह से ही दस्तावेजों की बारीकी से जांच में जुटी हुई है।
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी संख्या में फर्जी बिल, संदिग्ध ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इन दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की गहन जांच की जा रही है, जिससे कर चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में बोगस बिलिंग के जरिए बड़े पैमाने पर जीएसटी चोरी की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी आधिकारिक रूप से आंकड़ों का खुलासा नहीं किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है।







