
gmedianews24.com/ मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा में उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर बुधवार को जोरदार बहस हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में स्पष्ट कहा कि यदि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की साजिश सामने आती है तो दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें खोजकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि विमान हादसे के संबंध में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। हालांकि उन्होंने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पूरा खुलासा अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव होगा।
उन्होंने सदन को जानकारी देते हुए कहा कि अंतरिम रिपोर्ट में कुछ तकनीकी कारण सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार बारामती हवाईअड्डे पर अत्याधुनिक उपकरणों की कमी और पर्याप्त दृश्यता का अभाव हादसे की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। साथ ही, विमान के पायलट की ब्रीथ एनालिसिस रिपोर्ट पूरी तरह सामान्य पाई गई है।
फडणवीस ने यह भी बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनकी मौत गंभीर चोटों और जलने के कारण हुई। सभी मृतकों के डीएनए नमूनों का मिलान उनके परिजनों से कर पुष्टि भी की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि विमान में किसी प्रकार का जहर, विस्फोटक सामग्री या अतिरिक्त ईंधन के डिब्बे नहीं पाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वे उपमुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे और इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग करेंगे। उन्होंने विधायक रोहित पवार द्वारा इस मामले में किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था और तकनीकी व्यवस्थाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य में सीसीटीवी कैमरों को एकीकृत नियंत्रण में लाने के लिए ‘महानेत्र’ नीति लागू की जा रही है। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) के प्रभावी क्रियान्वयन में महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर है।
विधानसभा में इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी चर्चा देखने को मिली, वहीं सरकार ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित की जाएगी।







