
gmedianews24.com/कटरा (जम्मू-कश्मीर)। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पहले छह दिनों में ही 2 लाख से अधिक भक्तों ने माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए हैं। आस्था के इस महापर्व में देशभर से श्रद्धालु लगातार कटरा पहुंच रहे हैं।
दिन-रात जारी श्रद्धालुओं का आवागमन
अधिकारियों के मुताबिक, भारी भीड़ के बावजूद यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। कटरा स्थित बेस कैंप से लेकर भवन तक का मार्ग दिन-रात श्रद्धालुओं से भरा हुआ है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, चिकित्सा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
भीड़ के चलते रजिस्ट्रेशन पर लगी थी रोक
नवरात्रि के दौरान अचानक बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 21 मार्च की शाम को रजिस्ट्रेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। हालांकि, हालात सामान्य होने के बाद 22 मार्च सुबह 4 बजे से रजिस्ट्रेशन फिर शुरू कर दिया गया।









