
gmedianews24.com/मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच झारखंड की राजधानी रांची से एक दुखद खबर सामने आई है। रांची के 47 वर्षीय कप्तान राकेश रंजन सिंह की होर्मुज जलडमरूमध्य के पास जहाज पर दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। समय पर इलाज न मिलने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, कप्तान राकेश रंजन 2 फरवरी से ऑयल टैंकर ‘अवाना’ पर फ्लीट मैनेजमेंट में तैनात थे। 18 मार्च को परिवार से उनकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसी दौरान वे अचानक अपनी कुर्सी से गिर पड़े और बेहोश हो गए। जहाज पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई।
परिजनों के मुताबिक, दुबई एटीसी से एयरलिफ्ट की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन इसे अस्वीकार कर दिया गया। बाद में उन्हें बोट के जरिए दुबई पोर्ट लाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रांची के अरगोड़ा स्थित वसुंधरा अपार्टमेंट में इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। बड़े भाई उमेश कुमार ने बताया कि राकेश उनके बेटे समान थे। पत्नी और दो बच्चे गहरे सदमे में हैं और अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को रांची लाने की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने परिवार से बात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से जल्द से जल्द पार्थिव शरीर भारत लाने की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर समुद्री सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है, खासकर ऐसे संवेदनशील मार्गों पर जहां वैश्विक तनाव भी बना हुआ है।







