[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से जुड़े हेरोइन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, 4 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

gmedianews24.com/रायपुर। रायपुर पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब से रायपुर तक फैले हेरोइन तस्करी के अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पास से विदेशी पिस्टल भी बरामद की गई है।

ट्रक ड्राइवरों के जरिए होती थी सप्लाई
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हेरोइन की सप्लाई पंजाब से ट्रक ड्राइवरों के माध्यम से की जा रही थी। आरोपी ट्रक चालकों को लालच देकर माल ढुलाई के साथ हेरोइन छिपाकर छत्तीसगढ़ भेजते थे। चूंकि ट्रकों में व्यापारिक सामान भी रहता था, इसलिए यह तस्करी लंबे समय तक पुलिस की नजर से बची रही।

इस पूरी कार्रवाई को डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। एसीपी आईपीएस इशू अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने महीनों तक तकनीकी जांच और निगरानी के बाद पंजाब में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

तकनीकी जांच से टूटी पूरी सप्लाई चेन
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना कबीरनगर, थाना आमानाका और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी। पुलिस ने दूरसंचार विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की मदद से पूरे नेटवर्क की कड़ी-दर-कड़ी जांच की। इस दौरान स्थानीय वितरकों से लेकर अंतर्राज्यीय सप्लायरों तक पहुंचकर सभी को गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी संदीप पटेल ने बताया कि इस कार्रवाई से न केवल प्रदेश में हेरोइन सप्लाई करने वाले बड़े गिरोह का सफाया हुआ है, बल्कि पूरे नेटवर्क की संरचना भी सामने आई है, जिससे आगे की जांच में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button