
gmedianews24.com/वॉशिंगटन। वैश्विक तेल बाजार में बढ़ती कीमतों के बीच ट्रम्प प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए ईरानी तेल की खरीद पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिन की अस्थायी छूट देने का फैसला किया है। यह छूट केवल समुद्र में मौजूद ईरानी तेल के टैंकरों की खरीद के लिए लागू होगी।
अमेरिकी ट्रेजरी मिनिस्टर स्कॉट बेसेंट ने इस फैसले की घोषणा की। ट्रेजरी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक यह छूट 20 मार्च से 19 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी।
तेल कीमतों पर नियंत्रण की कोशिश
बताया जा रहा है कि यह निर्णय ग्लोबल मार्केट में तेल की सप्लाई बढ़ाने और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिया गया है। हाल ही में अमेरिका–इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और संघर्ष के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया है।
110 डॉलर के पार पहुंची कीमतें
जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को तनाव शुरू होने से पहले कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ गया है।
बाजार में आएगा 14 करोड़ बैरल तेल
स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस अस्थायी छूट के जरिए वैश्विक बाजार में करीब 14 करोड़ बैरल तेल तेजी से उपलब्ध हो सकेगा। इससे न सिर्फ ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि सप्लाई पर बने अस्थायी दबाव को भी कम करने में मदद मिलेगी।







