[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 7.40 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 8 महीने तक कराया काम

gmedianews24.com/कोरबा। जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 7.40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने फर्जी फर्म बनाकर पंचायत विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और नकली नियुक्ति पत्र तक जारी कर दिया। मामले की शिकायत पीड़ित ने एसपी से की है।

मिली जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी योगेश कुमार को पुरुषोत्तम कश्यप और पंकज बरेठ ने पंचायत विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। बताया गया कि पुरुषोत्तम कश्यप बांकीमोंगरा स्थित अपने घर से ‘निखिलम एसोसिएशन सोसायटी’ नाम से फर्म संचालित कर रहा था और खुद को सचिव बताता था। वहीं फर्म का मुख्य कार्यालय रायपुर के रायपुरा स्थित डीडब्ल्यू इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बताया गया, जिसका प्रबंधन पंकज बरेठ कर रहा था।

पीड़ित के मुताबिक 15 जनवरी 2019 को बांकीमोंगरा स्थित कार्यालय में उसने दोनों आरोपियों को 3.50 लाख रुपये नकद दिए, जिसका वीडियो भी बनाया गया था। इसके बाद 24 जनवरी 2019 को दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे और 3.90 लाख रुपये और ले लिए। इस तरह कुल 7.40 लाख रुपये की ठगी की गई।

राशि लेने के बाद आरोपियों ने फर्म के लेटरहेड पर 19 दिसंबर 2018 की तारीख का ‘डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर, जिला कोरबा’ पद का फर्जी नियुक्ति पत्र 29 जनवरी 2019 को दिया। इसके बाद पीड़ित को जांजगीर-चांपा जिले की पंचायतों में दवा छिड़काव का काम करीब 8 महीने तक कराया गया, लेकिन इसके बदले उसे सिर्फ 10 हजार रुपये वेतन दिया गया।

पीड़ित योगेश कुमार का कहना है कि दोनों आरोपी अब फरार हैं। उनके फोन बंद हैं और उनके घर व कार्यालय पर ताले लगे हुए हैं। आशंका है कि उन्होंने अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया हो सकता है। फिलहाल मामले में कोरबा एसपी से शिकायत की गई है।

Related Articles

Back to top button