gmedianews24.com/कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा में 1 अप्रैल 2026 को एक भव्य धार्मिक और सामाजिक आयोजन होने जा रहा है। ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। यह पुनीत आयोजन प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में संपन्न होगा।
पिछले वर्ष 2024 में मां सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा में आयोजित नमः सामूहिक विवाह की सफलता के बाद इस बार कार्यक्रम को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का जिम्मा अपना आश्रम सेवा समिति ने संभाला है।
108 कन्याओं का पंजीयन पूरा
नमः सामूहिक विवाह के प्रभारी एवं मां सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक-व्यवस्थापक ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का पंजीयन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज के सहयोग और ईश्वरीय कृपा से संभव हो रहा है, जिसमें जरूरतमंद बेटियों को नए जीवन की शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए देशभर से संत-महात्मा, विद्वान आचार्य और प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है।
27 मार्च से 1 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा
आयोजन समिति के अनुसार ग्राम ढपढप में 27 मार्च से 1 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा का आयोजन किया जाएगा। छह दिनों तक चलने वाली इस कथा में धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा का श्रवण कराएंगे।
कथा के अंतिम दिन 1 अप्रैल को ही नमः सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 108 दिव्यांग और निर्धन कन्याएं अपने जीवनसाथियों के साथ विवाह बंधन में बंधकर नवदाम्पत्य जीवन की शुरुआत करेंगी।
पंजीयन अभी भी जारी
आयोजकों ने बताया कि सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन प्रक्रिया अभी भी जारी है। ऐसे में संभावना है कि कन्याओं की संख्या 108 से अधिक भी हो सकती है।
आयोजन समिति का कहना है कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह कार्यक्रम समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।






