
gmedianews24.com/रायगढ़। जिले में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध परिवहन में लगे 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन से करीब 134 टन स्क्रैप जब्त किया है। इसके साथ ही मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये है। इस तरह पूरी कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि जिले में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ के ठिकानों और परिवहन में लगे वाहनों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के पालन में नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सूचना मिलने पर कार्रवाई की योजना बनाई।
घेराबंदी कर पकड़े गए वाहन
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी की। इस दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा गया, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर लिया गया और उसका वजन कराया गया।
7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।







