
gmedianews24.com/जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री Farooq Abdullah ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत को अपने फैसले खुद लेने चाहिए। उन्होंने अमेरिका द्वारा भारतीय रिफाइनरियों को रूसी तेल खरीदने के लिए दी गई छूट पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत किसी पर निर्भर नहीं है, फिर भी समझ नहीं आता कि देश को क्यों दूसरों पर निर्भर बनाया जा रहा है।
श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि यह देश की आजादी और स्वायत्तता का सवाल है। भारत को यह खुद तय करना चाहिए कि उसके लिए क्या सही है, न कि कोई दूसरा देश हमारे भविष्य का फैसला करे।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री Manmohan Singh के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अमेरिका ने भारत पर दबाव बनाया था। अमेरिका चाहता था कि भारत उसके पक्ष में वोट करे और कहा था कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो परमाणु समझौता खतरे में पड़ सकता है।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उस समय मनमोहन सिंह ने साफ तौर पर कहा था कि यह भारत का फैसला होगा और देश वही करेगा जो उसके हित में होगा। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी विदेश नीति और आर्थिक फैसलों में पूरी तरह स्वतंत्र रहना चाहिए।







