
gmedianews24.com/बिलासपुर। होली के त्योहार पर बिलासपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। साली द्वारा रंग लगवाने से मना करने पर नाराज एक युवक ने घर लौटकर अपनी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट से घायल महिला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साली को रंग लगाने गया था ससुराल
जानकारी के अनुसार मंगला क्षेत्र के महर्षि स्कूल के पास रहने वाली महिला ने अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति होली के दिन अपनी साली को रंग लगाने के लिए उसलापुर स्थित ससुराल गया था।
लेकिन साली ने रंग लगवाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद ससुराल के अन्य लोगों ने भी उसे समझाने की कोशिश की। इस बात से नाराज होकर युवक ने ससुराल में ही घर के सामान को फेंकना शुरू कर दिया और वहां से गुस्से में वापस लौट आया।
घर आकर पत्नी से की मारपीट
पीड़िता के मुताबिक घर लौटने के बाद पति ने ससुराल में अच्छा व्यवहार नहीं होने की बात कहते हुए उससे झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की। महिला ने किसी तरह खुद को संभाला, लेकिन गुरुवार को आरोपी ने फिर से उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकालने की कोशिश की।
साली से शादी करने की देता है धमकी
महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसे छोड़कर उसकी साली से शादी करने की बात कहता है। इसी बात को लेकर वह आए दिन झगड़ा और मारपीट करता रहता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मारपीट से परेशान होकर महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।







